खरीफ सीजन से पहले खाद संकट, किसानों का फूटा गुस्सा,बेलटुकरी समिति में घंटों इंतजार के बाद हंगामा

गरियाबंद जिले में खरीफ फसल की तैयारी के बीच खाद संकट गहराता नजर आ रहा है। कृषक सेवा सहकारी समिति बेलटुकरी में खाद लेने पहुंचे किसानों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिला। भीषण गर्मी में लंबी कतारों में खड़े किसानों ने समिति परिसर में जमकर हंगामा किया।
पांच गांवों के किसान पहुंचे थे समिति
जानकारी के अनुसार बेलटुकरी समिति में करीब पांच गांवों के किसान खाद लेने पहुंचे थे। किसानों का आरोप है कि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और वितरण में कटौती की जा रही है। इससे किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
खेती प्रभावित होने की आशंका
किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन शुरू होने वाला है और ऐसे समय में खाद की कमी से खेती का काम प्रभावित हो सकता है। समय पर खाद नहीं मिलने से बुवाई और फसल उत्पादन पर असर पड़ने की चिंता किसानों को सता रही है।
शासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
नाराज किसानों ने शासन की गाइडलाइन और खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। किसानों का कहना है कि पहली बार इस तरह खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
आंदोलन की दी चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल खाद संकट को लेकर किसानों में भारी आक्रोश बना हुआ है।











