कंपनी डायरेक्टर के पिता बनकर ठगे 20 लाख, फर्जी व्हाट्सऐप मैसेज से अकाउंटेंट को बनाया शिकार

दुर्ग में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां आरोपियों ने कंपनी डायरेक्टर के पिता की फोटो और डीपी का इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सऐप मैसेज भेजे। आरोपियों ने अकाउंटेंट को झांसे में लेकर 20 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। मामले में शिकायत मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर और एचडीएफसी बैंक खाते के धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अकाउंटेंट ने समझा कंपनी मालिक का निर्देश
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी यश बत्रा साईराम व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। कंपनी के दुर्ग, भिलाई, रायपुर और राजनांदगांव में शोरूम संचालित हैं। कंपनी में पिछले 13 वर्षों से मेष पटेल अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत है। भुगतान संबंधी स्वीकृति के लिए कंपनी का व्हाट्सऐप ग्रुप भी बना हुआ है।
बताया गया कि यश बत्रा के पिता श्रीचंद बत्रा इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में हैं। 21 मई को अकाउंटेंट के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया, जिसमें श्रीचंद बत्रा की फोटो और डीपी लगी हुई थी। मैसेज में एचडीएफसी बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए। अकाउंटेंट ने इसे सही निर्देश मानते हुए कंपनी के एसबीआई करंट खाते से 20 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
दूसरी बार मांगे गए 48 लाख रुपए
अगले दिन उसी नंबर से फिर 48 लाख रुपए ट्रांसफर करने का मैसेज भेजा गया। इस बार अकाउंटेंट को संदेह हुआ और उसने यश बत्रा से चर्चा की। इसके बाद यश बत्रा ने अपने पिता से संपर्क किया, तब खुलासा हुआ कि उन्होंने किसी प्रकार की रकम नहीं मांगी थी। मामले का पता चलते ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस अब मोबाइल नंबर और बैंक खाते के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।











