महंगाई, खाद संकट और अवैध शराब पर भड़के दीपक बैज, बोले- भाजपा जनता को सिर्फ लाइन में खड़ा कर रही

रायपुर Deepak Baij ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता और किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं। महंगाई के कारण रोजमर्रा की जरूरत की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं।बैज ने कहा कि किसान पेट्रोल पंपों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं, लेकिन भाजपा सरकार “मेलोडी” की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है।
अवैध शराब बिक्री पर सरकार को घेरा
प्रदेश में अवैध शराब बिक्री के मुद्दे पर भी PCC चीफ ने सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में नकली होलोग्राम वाली शराब खुलेआम बिक रही है और इससे काली कमाई हो रही है।बैज ने कहा कि मंत्री दयालदास बघेल और भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी इस मुद्दे को उठा चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि अवैध शराब से होने वाली कमाई आखिर किसकी जेब में जा रही है।उन्होंने ईडी और सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि नकली शराब की बिक्री अब पूरी तरह साफ हो चुकी है।
खाद संकट पर सरकार से मांगा जवाब
खाद संकट को लेकर दीपक बैज ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। सोसायटियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं है और किसान घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं।उन्होंने कहा कि डीजल की किल्लत से किसान पहले ही परेशान हैं, अब खाद संकट ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बैज ने सरकार से श्वेत पत्र जारी कर खाद भंडारण और वितरण की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
खुशवंत साहेब के बयान पर कसा तंज
मंत्री Khushwant Saheb के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि वे नए भाजपाई और नए मंत्री हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “नया मुल्ला ज्यादा प्याज खाता है।”बैज ने कहा कि मंत्री को पेट्रोल पंपों पर जाकर आम लोगों से बात करनी चाहिए, तब उन्हें जनता की असली परेशानी समझ आएगी।
बीजेपी प्रशिक्षण शिविर पर भी साधा निशाना
भाजपा के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी कांग्रेस ने हमला बोला। बैज ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर नहीं, बल्कि “छत्तीसगढ़ को लूटने और भ्रष्टाचार करने का शिविर” है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को उद्योगपतियों के हाथों बेचा जा रहा है और जनता सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है।
डी-लिस्टिंग और धर्मांतरण मुद्दे पर बयान
डी-लिस्टिंग और धर्मांतरण के मुद्दे पर भाजपा के प्रदर्शन को लेकर दीपक बैज ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की डबल इंजन सरकार है, फिर उन्हें कौन रोक रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मांतरण के नाम पर सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रही है। यदि सरकार गंभीर है तो विधानसभा और लोकसभा में बिल लाकर कानून बनाए।











