बिलासपुर नगर निगम के वार्ड-29 उपचुनाव में तेज हुई सियासी हलचल, कांग्रेस-भाजपा ने झोंकी ताकत

बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-29 संजय गांधी नगर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां इस चुनाव को प्रतिष्ठा का मुद्दा मानकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर गई हैं। एक ओर कांग्रेस अपने पारंपरिक गढ़ को बचाने की कोशिश में जुटी है, वहीं भाजपा भी जीत के लिए आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है।

कांग्रेस ने बनाई 31 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति

जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने चुनाव को लेकर 31 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया है। इस समिति में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, वरिष्ठ नेताओं, पूर्व विधायकों और महापौर सहित कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है।समिति को चुनाव संचालन, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वार्ड के सभी 8 बूथों के लिए अलग-अलग रणनीति तैयार की जा रही है ताकि चुनाव में जीत की परंपरा बरकरार रखी जा सके।

देवेंद्र यादव करेंगे चुनाव प्रचार

कांग्रेस पार्टी इस उपचुनाव को पूरी ताकत के साथ लड़ रही है। चुनावी अभियान को धार देने के लिए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को भी मैदान में उतारा जा रहा है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव शनिवार को बिलासपुर पहुंचेंगे और कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस चुनाव के जरिए संगठन को और मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

भाजपा ने महिला और युवा वोटर्स पर किया फोकस

दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने भी वार्ड-29 में चुनावी कैंपेन तेज कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी वी. मधुसूदन राव के समर्थन में महापौर पूजा विधानी ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क शुरू कर दिया है।भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की टीम भी लगातार वार्ड में सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी कार्यकर्ता राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।

योजनाओं के सहारे भाजपा बना रही माहौल

भाजपा कार्यकर्ताओं को महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत योजना, मोर घर-मोर जमीन-मोर मकान योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।युवा मोर्चा जहां युवाओं के बीच संपर्क अभियान चला रहा है, वहीं महिला मोर्चा की टीम महिलाओं से सीधा संवाद कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में जुटी हुई है।

1 जून को होगा मतदान

वार्ड क्रमांक-29 संजय गांधी नगर में 1 जून को मतदान होना है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल इस चुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक चुके हैं। ऐसे में अब देखना होगा कि कांग्रेस अपना गढ़ बचा पाती है या भाजपा इस सीट पर कब्जा जमाने में सफल होती है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com