खरीदी केंद्रों में बिचौलिए सक्रिय….तीन लाख रुपए का धान जब्त:बिलासपुर में खप रहा राइस मिल व किराना दुकान का धान, किसान हो रहे परेशान

बिलासपुर जिले के धान खरीदी केंद्रों पर किसानों से नियमों के विपरीत वसूली और मनमानी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। वहीं, बिचौलिए और व्यापारियों का धान केंद्रों में धड़ल्ले से खपाया जा रहा है। शुक्रवार को भी अफसरों ने अवैध धान भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया। इस दौरान राइस मिल और किराना दुकान से तीन लाख का धान जब्त किया गया।
दरअसल, राज्य सरकार ने अन्नदाता किसानों को उनकी मेहनत की ऊपज का सही मूल्य देने के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करने की व्यवस्था दी है। लेकिन, अफसरों और खरीदी केंद्र प्रभारियों की मिलीभगत से किसानों के बजाए व्यापारी और बिचौलियों के धान केंद्रों में खप रहा है। जबकि, जरूरतमंद किसान टोकन लेने के बाद भी केंद्रों का चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं।
केंद्रों में ले रहे एक से दो किलो एक्स्ट्रा धान
शासन के नियमों के अनुसार धान खरीदी केंद्रों पर एक बोरी में 40 किलो 700 ग्राम धान लेने का प्रावधान है। लेकिन, कई केंद्रों पर इस नियम की अनदेखी की जा रही है। किसानों का आरोप है कि उनसे प्रति बोरी 41 किलो 500 ग्राम से लेकर 41 किलो 700 ग्राम तक धान की खरीदी की जा रही है, जो कि निर्धारित मात्रा से लगभग एक किलो तक अधिक है। किसानों ने इसकी शिकायत भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
टोकन के बाद भी नहीं हो रही खरीदी, किसान परेशान
नियमों की अनदेखी के साथ ही, किसानों को टोकन कटवाने के बाद भी धान बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। समिति में धान बेचने वाले किसानों का कहना है कि टोकन कटवाने के बाद शुक्रवार को आए थे, लेकिन उनकी तौल नहीं हुई। चूंकि शनिवार और रविवार को केंद्र बंद रहते हैं, इसलिए अब उन्हें सोमवार तक रुकना पड़ेगा। उन्होंने चिंता जताई कि सोमवार को भी नंबर आने की कोई गारंटी नहीं है।
प्रशासन का दावा- लगातार की जा रही कार्रवाई
इधर, जिला प्रशासन के अफसरों का दावा है कि धान के अवैध भंडारण पर लगातार सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही केंद्रों की भी निगरानी की जा रही है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन अवैध धान भंडारण के खिलाफ अधिकारियों ने केस दर्ज किया है।
एक दिन पहले तीन गोदाम व दो किराना दुकानों में छापेमारी की गई थी, जबकि शुक्रवार को एक राइस मिल और प्रोविजन स्टोर पर छापेमारी कर तीन लाख रुपए का धान जब्त किया। बेलगहना नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत, कोटा मंडी के उप निरीक्षक सीजी गोस्वामी व नीतिश नायक की टीम ने ग्राम कोनचरा के यंग प्रोविजन स्टोर से 117 कट्टी धान यानी 46 क्विंटल 80 किलो जब्त किया। वहीं, ग्राम मनगवां के अरिहंत राइस मिल से 122 कट्टा (48 क्विंटल 80 किलो) अवैध धान मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया। इस तरह तीन लाख रुपए का धान जब्त किया गया।











