पनडुब्बी में समुद्री सफर करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, 28 दिसंबर को बनेंगी इतिहास का हिस्सा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 दिसंबर को भारतीय नौसेना की एक पनडुब्बी में सवार होकर समुद्री यात्रा करेंगी। यह यात्रा कर्नाटक के कारवार बंदरगाह से होगी। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई है। यह कदम देश के सैन्य इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

67 वर्षीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पनडुब्बी में यात्रा करने वाली देश की दूसरी राष्ट्राध्यक्ष होंगी। इससे पहले वर्ष 2006 में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने विशाखापत्तनम से पनडुब्बी में समुद्री यात्रा की थी।

राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले भी कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। वह भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति हैं। इसी वर्ष 29 अक्टूबर को उन्होंने राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी, जबकि इससे पहले सुखोई-30 एमकेआई में भी उड़ान कर चुकी हैं।

राष्ट्रपति का चार दिवसीय दौरा शुरू हो चुका है, जिसके तहत वह गोवा, कर्नाटक और झारखंड का भ्रमण करेंगी। अपने दौरे के अंतिम चरण में वह 30 दिसंबर को झारखंड पहुंचेंगी, जहां जमशेदपुर में ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी। इसके अलावा वह एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी और गुमला में आयोजित अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी।

राष्ट्रपति के झारखंड दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने कई इलाकों में यातायात प्रतिबंध और नो-फ्लाई जोन लागू किया है। यह यात्रा न केवल सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ाने वाली मानी जा रही है, बल्कि देश के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने वाली भी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com