वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं और शतकवीरों का सम्मान अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि: बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर रायपुर जिला भाजपा द्वारा आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अटल जी के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी की मजबूत नींव रखी। सम्मानित वरिष्ठजनों में सचिनानंद उपासने, सुभाष राव, मोहन चौपड़ा, छगन मुंदड़ा और श्रीचंद सुंदरानी शामिल थे। इसके साथ ही जिला रायपुर की चारों विधानसभाओं में 100 से अधिक नए सदस्यों को भाजपा की सदस्यता दिलाने वाले “शतकवीरों” का भी सम्मान किया गया।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि ये सम्मान श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों, संघर्ष और संगठन निर्माण के प्रति उनके समर्पण को समर्पित है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ का निर्माण केवल एक राज्य के रूप में नहीं, बल्कि सपनों, संभावनाओं और आत्मसम्मान के रूप में किया। उनका उद्देश्य गरीब, किसान, आदिवासी और गांव के अंतिम व्यक्ति के विकास को सुनिश्चित करना था।

अग्रवाल ने कहा कि अटल जी की अंत्योदय सोच ने ग्रामीण विकास, सड़क कनेक्टिविटी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सर्व शिक्षा अभियान और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों को नीति का केंद्र बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवाद की राजनीति का जीवंत उदाहरण है।

अंत में उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार, आदर्श और राष्ट्र निर्माण का संकल्प आज भी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके सपनों का सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, महामंत्री अमित साहू, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर समेत कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com