अमेठी: पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष के कॉलेज में नकली उर्वरक-कीटनाशक फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त

अमेठी: कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. देवमणि तिवारी के कॉलेज परिसर में नकली उर्वरक और कीटनाशक तैयार किए जाने का सनसनीखेज मामला मंगलवार को सामने आया. कृषि विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने उर्वरक व रसायन बनाने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली डीएपी, रासायनिक दवाएं, कच्चा रसायन, पैकिंग मशीन और नामी कंपनियों के लेबल लगे पैकेट बरामद किए.
सभी संदिग्ध सामग्री को सील कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यह कार्रवाई कस्बा अमेठी के ककवा मार्ग स्थित प्रमोद आलोक इंटर कॉलेज परिसर में की गई. छापेमारी टीम में जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव, नायब तहसीलदार अजय कुमार सिंह, उर्वरक व रसायन बनाने वाली कंपनी ट्रू बॉडी कंसल्टिंग के प्रतिनिधि आशीष जांगड़ा व कुलदीप कुशवाहा तथा पुलिस बल शामिल रहा.
कॉलेज परिसर के एक कमरे में राम उजागर यादव को रसायनों को अलग-अलग बोरियों और पैकेटों में भरते हुए पकड़ा गया. मौके से नौ बोरी डीएपी, रासायनिक दवाएं, पैकिंग मशीन, नामी कंपनियों के लेबल लगे पैकेट बरामद किए गए. कमरे में सफेद, पीले और भूरे रंग के पाउडर से भरे कई कट्टे और ट्रे मिलीं. प्राथमिक जांच में यह सामग्री गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई.
विभिन्न कंपनियों के कीटनाशक भी बरामद
छापेमारी के दौरान विभिन्न कंपनियों के कीटनाशक भी मिले, जिनमें एडवांस एग्रो लाइफ कंपनी के 500 ग्राम वाले चार पैकेट, क्लोरपायरीफॉस 500 ग्राम का एक पैकेट, एचपीएम केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स के उत्पाद तथा एग्रीटेक कंपनी के 115 एमएल वाले नौ पैकेट शामिल हैं. इसके अलावा भारी मात्रा में कच्चा रसायन भी बरामद हुआ, जिसमें सफेद पाउडर से भरे 15 कट्टे, नीले पाउडर का एक कट्टा और काले पाउडर से भरे सात कट्टे शामिल हैं.
जांच के दौरान इफको और आईपीएल डीएपी के खाली पैकेट, बीपीएल डीएपी की 200 बोतलें, इफको डीएपी की 3400 बोतलें तथा 500 खाली डीएपी बोतलें भी बरामद की गईं. पूछताछ में राम उजागर यादव ने बताया कि यह पूरा कार्य तिवारी का पुरवा मजरा सोनपुर मनका निवासी शिवम तिवारी, जिला उपाध्यक्ष (अपना दल एस), अमेठी के कहने पर संचालित किया जा रहा था.
बिना किसी वैधानिक अनुमति और गुणवत्ता परीक्षण के उर्वरक एवं कीटनाशक तैयार किए जा रहे थे, जिससे किसानों की फसलों के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा हो सकता था. मौके से लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव ने बताया कि बरामद सभी सामग्री को सील कर लैब भेजा गया है. प्रारंभिक जांच में नकली उर्वरक और कीटनाशक तैयार किए जाने के संकेत मिले हैं. रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.









