लूट के 5 घंटे बाद सलाखों के पीछे अपराधी, सुपौल पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

सुपौल : जिले में एक बार फिर पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं सतर्कता ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया. मंगलवार रात सदर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने मात्र पांच घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया. न सिर्फ अपराधियों की पहचान की गई, बल्कि तीनों अन्तरजिला अपराधकर्मियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई मोबाइल, नगद राशि 1500, हेलमेट, दस्ताना, टोपी तथा घटना में प्रयुक्त हुंडई कार को भी बरामद कर लिया गया.
घटना रात के लगभग 9:30 बजे की है, जब हरदी दुर्गा स्थान से उत्तर नहर पुल के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर वाहन सवार व्यक्ति से मोबाइल, 1500 रुपये नकद तथा अन्य आवश्यक सामान लूट लिए थे. पीड़ित द्वारा सूचना मिलते ही सुपौल पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस अधीक्षक सुपौल ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी तेज करने का निर्देश दिया तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया.
टीम को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी में किसी प्रकार की ढिलाई न हो. गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी निगरानी एवं घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान बेहद शीघ्रता से स्थापित कर ली. इसके बाद विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई और मधेपुरा जिले के तीन अपराधियों अनमोल कुमार, आशीष कुमार एवं बजरंग कुमार को घटना में प्रयुक्त कार सहित गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्त अन्तरजिला स्तर पर सक्रिय अपराधकर्मी हैं और विभिन्न थानों में इनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं. छापेमारी के दौरान इनके पास से लूटी गई मोबाइल, नगद राशि, हेलमेट, दस्ताने तथा टोपी बरामद की गई. साथ ही घटनास्थल से भागने में प्रयुक्त हुंडई कार भी जब्त कर ली गई. पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि मात्र 5 घंटे के अंदर लूट की घटना का उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस टीम की तत्परता, टीमवर्क एवं तकनीकी कौशल का उदाहरण है.
इस कार्रवाई में एसआईटी सहित सुपौल थाना एवं नगर थाना के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. गिरफ्तार तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष रामसेवक राउत का कहना है कि पूछताछ में कई और मामलों में इनकी संलिप्तता उजागर होने की संभावना है, जिसे लेकर आगे की कार्रवाई जारी है.
गठित टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गुप्ता, पुअनि संजय कुमार, अंचल पुलिस निरीक्षक संजय कुमार यादव, थानाध्यक्ष रामसेवक राउत, पुअनि पिंकी कुमारी, पुअनि अभिषेक कुमार, पुअनि वाहिद आलम, रामबाहुदर सिंह, मुकेश कुमार आदि शामिल थे.









