औरंगाबाद में दरिंदगी: घर से महज 100 मीटर दूर मिली 15 साल की किशोरी की लाश, रेप के बाद हत्या की आशंका से सनसनी!

औरंगाबाद : 15 वर्षीय एक नाबालिग लड़की का शव उसके घर से मात्र 100 मीटर पर बरामद किया गया है. मामले में परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है.घटना बारुण थाना क्षेत्र के एक गांव की है. परिजन के अनुसार, नाबालिग मंगलवार की शाम अपने घर से 300 मीटर की दूरी पर स्थित मौसेरी बहन के घर सामान लेने गई थी.
आधे घंटे के बाद वहां से घर जाने के लिए निकली लेकिन वह घर नहीं पहुंची. जब काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. इसी क्रम में देर रात क़रीब साढ़े 11 नाबालिग का शव घर से 100 मीटर की दूरी पर एक बाउंड्री के पास मिला. परिजनों से बेहोश समझ कर आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने नाबालिग को मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना पर बारुण पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजन से जानकारी लेकर जांच पड़ताल में जुट गई. पुलिस को परिजन ने नाबालिग की रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार, मृतका का पैतृक के घर बारुण थाना क्षेत्र के ही एक गांव में है. उसके पिता दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करते हैं.
पति के बाहर रहने की वजह से पत्नी अपने ससुराल से दूर मायके में ही बच्चों के पढ़ाई के लिए किराए का कमरा ले लिया था. किराए के मकान में नाबालिग, उसकी मां और भाई रहते हैं. मंगलवार की शाम नमाज पढ़ने के बाद नाबालिग को उसकी मां ने गांव में ही स्थित मौसेरी बहन के घर कुछ सामान लेने के लिए भेज दिया. घर पास में है, लेकिन करीब आधे घंटे के बाद भी सामान लेकर नाबालिग नहीं लौटी.
जब नाबालिग की मां ने कॉल कर मौसेरी बहन से जानकारी ली तो उसने बताया कि वो तो मेरे घर से कब की चली गई थी. इसके बाद परिजन ने खोजबीन शुरू की. घटना के बाद परिजनों ने गांव के ही एक किशोर पर अपहरण कर दुष्कर्म और हत्या किए जाने का आरोप लगाया है.
मृतका की मां के अनुसार पड़ोस का ही एक रहने वाला एक नाबालिग अक्सर मेरी बेटी को तंग करता था. इधर, मृतका की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई. पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.









