नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, 2025 में 272 नक्सली हुए आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में वर्ष 2025 नक्सल विरोधी अभियानों के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। सक्रिय सुरक्षा बलों और पुलिस की प्रभावी रणनीति के चलते 272 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिन पर कुल 2 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह संख्या वर्ष 2024 में 234 थी, जिन पर 90 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास के लिए बैंक खाते, कौशल विकास प्रशिक्षण, राशन कार्ड और बस पास दिए जा रहे हैं, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में लौट सकें। पुलिस ने वर्ष 2025 में UAPA और अन्य गंभीर मामलों में 35 नक्सलियों को गिरफ्तार किया, वहीं मुठभेड़ों में 4 सक्रिय नक्सली मार गिराए गए।

दंतेवाड़ा जिला रिजर्व गार्ड (DRG) ने 3 स्वतंत्र और 10 संयुक्त अभियानों के साथ अन्य जिलों में 40 अभियान चलाकर नक्सलियों को ठोस झटका दिया। ऑपरेशन ब्लैकफॉरेस्ट समेत अभियानों में कई बड़े कैडर न्यूट्रलाइज किए गए।

सुरक्षा सुदृढ़ होने के कारण जिले में गंभीर अपराधों में 7 प्रतिशत, अन्य अपराधों में 8.8 प्रतिशत और चोरी के मामलों में 14 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वर्ष 2025 में कुल 397 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस बल की दक्षता बढ़ाने के लिए 1,759 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। साइबर अपराध के मोर्चे पर भी सफलता मिली, 13 मामले दर्ज किए गए और 24 आरोपियों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया गया।

वर्ष 2026 के लिए दंतेवाड़ा पुलिस ने सशस्त्र माओवाद का पूर्ण उन्मूलन, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, साइबर अपराध जागरूकता और DIAL 112 सेवा के क्रियान्वयन जैसे महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com