मऊगंज प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई, 9.20 लाख का लगाया जुर्माना; खनिज माफियाओं में हड़कंप

मऊगंज: जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए माफिया और नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा दिया है. बुधवार को खनिज विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के प्रमुख मार्गों पर सघन जॉइंट चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दो वाहनों को पकड़कर उन पर कुल ₹9,20,000 का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया.
यह कार्रवाई यातायात प्रभारी नरेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें खनिज विभाग के अधिकारी और यातायात पुलिस का अमला पूरी सतर्कता के साथ मौके पर मौजूद रहा. अभियान के दौरान खनिज परिवहन से जुड़े दस्तावेजों, परमिट, रॉयल्टी रसीद, वाहन क्षमता और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई. जांच में सामने आया कि पकड़े गए दोनों वाहन बिना वैध दस्तावेजों के खनिज का परिवहन कर रहे थे और निर्धारित नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा था.
अधिकारियों के अनुसार, अवैध खनिज परिवहन न केवल राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बनता है. ओवरलोडिंग और बिना अनुमति खनिज ढुलाई से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, वहीं प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन पर्यावरणीय संतुलन को भी बिगाड़ता है. इसी को ध्यान में रखते हुए यह संयुक्त कार्रवाई की गई.
यातायात प्रभारी नरेश प्रताप सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध खनिज परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने वाहन चालकों और परिवहनकर्ताओं को चेतावनी दी कि बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर भारी जुर्माना, वाहन जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खनिज परिवहन से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है. वहीं, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस सख्त पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि ऐसी कार्रवाइयों से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और कानून का डर कायम रहेगा. प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी जिलेभर में इसी तरह के औचक जांच अभियान चलाए जाएंगे.









