औरंगाबाद: सड़क दुर्घटना में किसान की मौत, मजदूरों को उनके घर गए थे छोड़ने झारखंड

औरंगाबाद: सड़क दुर्घटना में बारूण थाना क्षेत्र के भोपतपुर पंचायत अंतर्गत घोरहा गांव के 50 वर्षीय किसान की झारखंड में मौत हो गई. इस घटना में ऑटो चालक भी घायल हो गया. घटना झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत सुल्तानी के समीप घटित हुई है. मृत किसान की पहचान उस गांव निवासी प्रमोद सिंह यादव के रूप में हुई है. जबकि घायल चालक की पहचान थाना क्षेत्र के ही मुंशी बिगहा गांव निवासी राजू कुमार के रूप में हुई है.

बुधवार की सुबह परिजनों ने बताया कि प्रमोद सिंह यादव गांव पर ही रहकर खेती-बाड़ी करते थे. धान की कटनी के लिए वे झारखंड के छतरपुर तरफ से मजदूर बुलाये थे. धान की कटनी समाप्त होने के बाद वे राजू का ऑटो रिजर्व कर उसके साथ सभी मजदूरों को घर छोड़ने गए थे. वापस घर लौटने के दौरान सुल्तानी के समीप तेज रफ़्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे घटनास्थल पर ही प्रमोद सिंह यादव की दर्दनाक मौत हो गई.

जबकि चालक राजू गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरगंज पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया. पता चला कि सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रमोद सिंह यादव का नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल राजू का इलाज किया गया. इधर, घटना की सूचना पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और प्रमोद के शव से लिपटकर चीत्कार उठे.

परिजनों की चीत्कार से सदर अस्पताल का कोना-कोना दहल उठा. अस्पताल कर्मियों ने घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी. सूचना पर नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक अधेड़ की मौत हुई है. शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

इधर, घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने बताया कि मृतक प्रमोद सिंह यादव के दो बेटे हैं और एक बेटी है. फिलहाल दोनों बेटे घर पर ही रहकर पढ़ाई करते हैं. बेटी की शादी हो चुकी हैं. परिजनों ने बताया कि प्रमोद सिंह की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. इधर घटना की सूचना पर भोपतपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कमलेश सिंह, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, पंचायत समिति सदस्य बलजीत कुमार सिंह सहित अन्य लोग मृतक के घर पहुंचे और रोते-बिलखते परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. समाजसेवियों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मिलनेवाली मुआवजा राशि परिजनों को दिलावे जाने की भी बात कही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com