डूंगरपुर में नववर्ष सेलिब्रेशन पर पुलिस की पैनी नजर, बिना लाइसेंस शराब और तेज आवाज पर होगी कार्रवाई

डूंगरपुर: नववर्ष-2026 के जश्न को शांतिपूर्वक मनाने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक तैयारी की है. पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार (आईपीएस) के निकट पर्यवेक्षण में जिलेभर में विशेष गश्त, नाकाबंदी और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. पिछले वर्षों में हुई सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण के बाद यह अभियान शुरू किया जा रहा है, जिससे लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. यातायात पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जाएगी. नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन जब्त किए जाएंगे और चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसी के साथ बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले होटल, ढाबा और ठेका संचालकों पर भी कार्यवाही की चेतावनी दी गई है. यदि किसी स्थान पर बैठाकर शराब पिलाने की जानकारी मिलती है तो संबंधित संचालक पर मामला दर्ज होगा.
नववर्ष पार्टियों में तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा. देर रात तक उच्च ध्वनि में संगीत बजाने पर डीजे संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई होगी. पुलिस ने सभी को ध्वनि सीमा और समय सीमा का पालन करने की हिदायत दी है. जिला पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि अवैध होटल-ढाबों, हुड़दंग मचाने वालों, तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों और नशे की हालत में उत्पात करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को मोबाइल नंबर 8690180022 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें.
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि नववर्ष का जश्न शांति और संयम के साथ मनाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और अपने परिवार के साथ सुरक्षित तरीके से नया साल मनाएं. डीजे संचालकों तथा शराब परोसने वाले प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहें.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com