पुंछ में आतंकी नेटवर्क फिर सक्रिय, युवाओं को बरगलाने की साजिश नाकाम करने में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों के बीच पुंछ जिले से एक बार फिर गंभीर सुरक्षा चुनौती सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान में मौजूद आतंकी नेटवर्क पुंछ के युवाओं को गुमराह कर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बीते कुछ वर्षों में पुंछ से लाइन ऑफ कंट्रोल पार कर पाकिस्तान गए कई आतंकी अब वहीं से युवाओं का ब्रेनवॉश कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क सोशल और पारिवारिक संपर्कों के जरिए युवाओं को निशाना बना रहा है, ताकि घाटी में दोबारा अशांति फैलाई जा सके।
पुलिस के अनुसार, पुंछ से पाकिस्तान गए आतंकियों की संख्या 300 से अधिक बताई जा रही है। ये लोग सीमापार बैठकर न सिर्फ साजिश रच रहे हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं को आतंकी घटनाओं में शामिल करने की कोशिश भी कर रहे हैं। इन नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है और कई मामलों में संपत्तियां भी जब्त की गई हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो लोग आतंकियों के संपर्क में पाए जाएंगे, उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें गुमराह होने से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी तेज किए जा रहे हैं।
उधर, नए साल के मद्देनजर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। खुफिया इनपुट के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। सर्दियों में कोहरे और कम दृश्यता का फायदा उठाकर घुसपैठ की कोशिशों की आशंका को देखते हुए हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा बलों का कहना है कि किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की हर कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।











