लश्कर के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी की भारत को धमकी, कश्मीर में जिहाद जारी रखने का दावा

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर से लश्कर-ए-तैयबा बुरी तरह तिलमिलाया हुआ है। इसी कड़ी में संगठन के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी का भारत विरोधी बयान सामने आया है, जिसमें उसने एक बार फिर आतंकी हमलों की धमकी दी है और कश्मीर में जिहाद जारी रखने की बात कही है।
हाफिज सईद का करीबी माने जाने वाले सैफुल्लाह कसूरी ने लाहौर में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम के दौरान हजारों समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान उसने भारत के खिलाफ जमकर जहर उगला और कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने बड़ी गलती की है। कसूरी ने दावा किया कि भारतीय कार्रवाई से संगठन अपने मकसद से पीछे नहीं हटेगा।
अपने भाषण में कसूरी ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा मिशन कश्मीर से कभी पीछे नहीं हटेगा और भारत की धमकियों से डरने वाला नहीं है। उसने मजहबी बयानबाजी करते हुए समर्थकों को उकसाने की कोशिश की और कहा कि संगठन अपने दुश्मनों से निपटना जानता है।
कसूरी ने यह भी दावा किया कि कश्मीर के साथ-साथ अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर, जूनागढ़, हैदराबाद दक्कन और बंगाल जैसे इलाकों पर भी उनका दावा है। उसने कहा कि दुनिया की कोई ताकत लश्कर को उसके कथित मिशन से रोक नहीं सकती।
गौरतलब है कि भारतीय जांच एजेंसियों ने सैफुल्लाह कसूरी को पहलगाम आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया है। उस पर दस लाख रुपये का इनाम घोषित है और उसे गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून के तहत प्रतिबंधित आतंकवादी घोषित किया जा चुका है। सुरक्षा एजेंसियां उसके हालिया बयान को गंभीरता से लेते हुए हालात पर नजर बनाए हुए हैं।









