गाजियाबाद में नागरिकता जांच का वीडियो वायरल, इंस्पेक्टर मोबाइल रखकर बोले- मशीन बता रही तुम बांग्लादेशी हो

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कौशांबी थाना क्षेत्र के एक इंस्पेक्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह एक व्यक्ति की पीठ पर मोबाइल रखकर उसकी ‘नागरिकता जांच’ करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में इंस्पेक्टर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि मशीन बता रही है कि यह शख्स बांग्लादेशी है, जबकि उनके हाथ में केवल मोबाइल फोन दिखाई देता है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कई लोग इसे मजाक और मीम का विषय बना रहे हैं, तो कुछ ने इसे गंभीर बताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
वीडियो 24 दिसंबर का बताया जा रहा है, जब पुलिस रैपिड एक्शन फोर्स के साथ झुग्गियों में जाकर लोगों से पहचान पत्र मांग रही थी। जिन लोगों के पास पहचान पत्र नहीं था, उनसे इंस्पेक्टर ने मौखिक रूप से उनके पैतृक निवास की जानकारी ली। इसके दौरान इंस्पेक्टर ने यह अनोखा तरीका अपनाया कि मशीन कमर पर लगाने पर सच पता चल जाएगा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि वे बिहार के रहने वाले हैं, लेकिन इंस्पेक्टर ने मोबाइल रखकर जांच करने की बात कही। पुलिस का यह तरीका घुसपैठियों की जानकारी लेने के लिए अपनाया गया था, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई है।
गाजियाबाद पुलिस ने इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से फैल रहा है और अलग-अलग प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।











