ग्वालियर पुलिस ने तेलंगाना में 30 लाख की एटीएम डकैती करने वाले नूंह के गैंग को दबोचा

तेलंगाना के निजामाबाद में पांच दिन पहले एक ही रात में तीन एटीएम काटकर 30 लाख रुपये से अधिक रकम चोरी करने वाली गैंग के तीन बदमाश मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पकड़े गए हैं। गैंग हरियाणा के नूंह जिले का है और वारदात करने के बाद कार से हरियाणा जा रहा था। पुलिस ने ग्वालियर-डबरा बायपास स्थित सिरोल टोल प्लाजा के पास उन्हें घेर लिया। इनके पास से गैस कटर, पेचकस सहित अन्य औजार बरामद हुए हैं। गैंग के दो सदस्य पहले ही तेलंगाना में पकड़े जा चुके हैं और अब इन तीनों को भी तेलंगाना पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान वाजिव (26) पुत्र अब्दुल गफूर निवासी बडंगा, अब्दुला (40) पुत्र मजीद खान निवासी वादली गांव और आमिर (23) पुत्र रशीद अंसारी निवासी अलवल हैदराबाद के रूप में हुई है। उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के तीन एटीएम काटे थे। दो एटीएम से रकम चोरी की गई, जबकि तीसरे में असफल होने पर उन्होंने आग लगा दी थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
बदमाश हरियाणा नंबर की कार से नागपुर-सिवनी-ललितपुर-झांसी हाईवे होते हुए ग्वालियर पहुंचे थे। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए कार की नंबर प्लेट भी बदली गई होगी। पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि तीन साल पहले ग्वालियर में इसी तरह से तीन एटीएम काटकर 45 लाख रुपये पार किए गए थे।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि तेलंगाना पुलिस को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है और वहां से टीम रवाना हो गई है। पकड़े गए बदमाशों को जल्द ही तेलंगाना पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।











