शादी का झांसा, फिर ब्लैकमेलिंग! अमेठी में युवती को जान से मारने की धमकी

अमेठी : एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.युवती ने पुलिस अधीक्षक अमेठी अपर्णा रजत कौशिक को प्रार्थना पत्र देकर वीडियो और फोटो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया था.
शिकायत के अनुसार, हाईस्कूल के दौरान युवती की एक युवक से मित्रता हुई थी, जिसने शादी का झांसा दिया था.बाद में आपत्तिजनक व्यवहार के कारण युवती ने उससे सभी संबंध समाप्त कर दिए थे.युवती का आरोप है कि करीब तीन वर्ष बाद वही युवक अब उसे धमका रहा है.
वह उसके निजी वीडियो और फोटो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा है.युवक द्वारा सरेआम धमकियां दिए जाने से युवती भयभीत है और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है.मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमेठी के आदेश पर अमेठी कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
इस संबंध में अमेठी कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी शिव कुमार और जगदम्बा सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है.











