खेत में मिली युवती की संदिग्ध हालत में लाश, कॉल पर बात करते हुए घर से निकली थी पूजा

जांजगीर-चांपा जिले के पीपरा और बरगांव के बीच मरघाटी के पास एक खेत में 21 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की पहचान पूजा महंत के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे खेत की जुताई करने पहुंचे ग्रामीणों ने कीचड़ से सना अर्धनग्न शव देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे मृतका के पिता विशंभर दास ने चप्पल और हुलिए के आधार पर अपनी बेटी की पहचान की।
पुलिस के अनुसार, पूजा सोमवार रात करीब 8 बजे सहेलियों के साथ ग्राम किरीत में वार्षिक उत्सव देखने गई थी। वह रात करीब 12 बजे घर लौटी थी। मंगलवार सुबह जब परिजन जागे तो वह घर पर नहीं मिली।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूजा तड़के करीब 4:30 बजे मोबाइल पर बात करते हुए घर से निकलते हुए दिखाई दी है। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।
मौके पर एफएसएल और साइबर सेल की टीम ने भी जांच की। युवती का मोबाइल फोन घटनास्थल से गायब है, जिससे पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।











