GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार ने वापस लिया इस्तीफा, भाई पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में राज्य कर विभाग के उपायुक्त प्रशांत कुमार सिंह ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। उन्होंने कहा कि इस्तीफा उन्होंने बिना किसी दबाव के स्वयं वापस लिया है और वर्तमान में कार्यालय में अपने कार्यों को जारी रख रहे हैं।
प्रशांत कुमार ने अपने भाई विश्वजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि विश्वजीत मुख्तार अंसारी गैंग का सक्रिय सदस्य हैं और जबरन वसूली करते हैं। उन्होंने बताया कि विश्वजीत ने माता-पिता को मारा पीटा और JIO ब्रांच मैनेजर को जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा उनके ऊपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उपायुक्त ने अपने दिव्यांग प्रमाणपत्र को फर्जी बताने के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि साल 2021 में उनके प्रमाणपत्र को फर्जी बताने का प्रयास किया गया था, लेकिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इसे वैध माना। उन्होंने सवाल उठाया कि बार-बार प्रमाणपत्र को फर्जी क्यों कहा जा रहा है।
हाल ही में प्रशांत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे रोते हुए कहते दिखाई दिए कि उन्होंने इस्तीफा दिया था और पिछले तीन दिनों से अत्यधिक परेशान थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह बातें अपनी पत्नी को फोन पर साझा की थीं।











