सहारनपुर: शिवालिक फार्म हाउस में फायरिंग, युवक की मौत, दो गंभीर घायल

सहारनपुर: सहारनपुर जनपद के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र अंतर्गत स्थित शिवालिक फार्म हाउस में आज शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुरानी जमीनी और पार्टनरशिप रंजिश को लेकर बुलाई गई मीटिंग के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया.
बताया जा रहा है कि बातचीत के लिए दोनों पक्ष फार्म हाउस में एकत्र हुए थे, लेकिन कहासुनी बढ़ने के बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई.
इस दौरान गोली लगने से शिवम (22 वर्ष) निवासी स्थानीय क्षेत्र की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.
वहीं, घटना में दो अन्य युवक भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
घटना को लेकर पंकज शर्मा ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से दबाव बना रहे थे और इसी विवाद के चलते यह वारदात हुई.
सूचना मिलते ही थाना बिहारीगढ़ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की. एसएसपी सहारनपुर अभिनंदन ने बताया कि यह विवाद पार्टनरशिप को लेकर था, जिसमें तीन व्यक्तियों द्वारा फायरिंग की गई. गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है.
घटना में शामिल आरोपियों के नाम सामने आ चुके हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.











