हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश, महिला के जरिए फंसाकर करते थे ब्लैकमेल, पांच आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी जिले में हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर उनसे पैसे ऐंठने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। देहात थाना क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जो एक गल्ला व्यवसायी को जाल में फंसाकर उससे रकम वसूल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह में शामिल महिला के पति और उसके साथी पहले आर्थिक रूप से सक्षम लोगों की पहचान करते थे। इसके बाद महिला उनसे दोस्ती कर प्रेम संबंध बनाने का प्रयास करती थी। जब व्यक्ति उसके झांसे में आ जाता, तो उसे मिलने के लिए बुलाया जाता और इस दौरान वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता था।
बदरवास निवासी 26 वर्षीय गल्ला व्यवसायी आदित्य जैन के पास 26 जनवरी को एक युवती का फोन आया, जिसने दोस्ती की बात कही। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। 31 जनवरी को युवती ने मिलने की इच्छा जताते हुए उसे बड़ौदी स्थित पानी की टंकी के पास बुलाया।
आदित्य किराए की कार से वहां पहुंचा, जहां युवती उसकी गाड़ी में बैठ गई और शहर में घूमती रही। कुछ समय बाद युवती ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद चार लोगों ने आदित्य के साथ मारपीट की और उसे एक स्थान पर ले जाकर उसका वीडियो बना लिया।
आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे एक लाख से अधिक रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। घटना से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना चंद्रपाल सिंह धाकड़ शिकार की पहचान करता था और उसकी जानकारी महिला व अन्य साथियों को देता था। पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस ने महिला, उसके पति और तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह पहले भी कई लोगों को इसी तरह अपना शिकार बना चुका है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।











