एआई इम्पैक्ट समिट में भागीदारी के साथ भारत आएंगे ब्राजील के राष्ट्रपति लूला, रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई गति

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला 18 से 22 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह दिल्ली में आयोजित दूसरे एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे, जिससे इस दौरे को तकनीकी और रणनीतिक दृष्टि से विशेष महत्व मिल गया है। 21 फरवरी को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति के सम्मान में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राजकीय भोज आयोजित किया जाएगा। उपराष्ट्रपति और विदेश मंत्री भी उनसे मुलाकात करेंगे। यह दौरा केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं, बल्कि उच्च राजनीतिक प्राथमिकता का संकेत माना जा रहा है।
वार्ता के दौरान दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे। व्यापार और निवेश के साथ-साथ बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग, संयुक्त राष्ट्र सुधार, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और वैश्विक दक्षिण से जुड़े मुद्दों पर साझा रणनीति पर चर्चा होगी।
राष्ट्रपति लूला के साथ 14 मंत्रियों और ब्राजील की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। मंत्रिस्तरीय स्तर की बैठकों और एक बिजनेस फोरम के माध्यम से ऊर्जा, नवीकरणीय संसाधन, रक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, फार्मा, महत्वपूर्ण खनिज, विज्ञान-तकनीक, डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा।
भारत और ब्राजील 2006 से रणनीतिक साझेदार हैं। लैटिन अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र में ब्राजील भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न वैश्विक मंचों पर नियमित मुलाकातें होती रही हैं।
इस यात्रा से उम्मीद है कि दोनों देश भविष्य के लिए एक स्पष्ट और दूरदर्शी एजेंडा तय करेंगे, जिससे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी और वैश्विक मुद्दों पर तालमेल और गहरा होगा। तकनीक, व्यापार और वैश्विक दक्षिण की आवाज को एक साथ जोड़ना इस दौरे का प्रमुख संदेश माना जा रहा है।











