छत्तीसगढ़: सनरूफ से गाना, पेट्रोल पंप में हंगामा और धमकी… रात में मचा तांडव!

सूरजपुर: जिले के थाना झिलमिली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाड़ापारा स्थित कल्याण पेट्रोल पंप में शराब के नशे में हंगामा, मारपीट और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 कार जब्त कर ली है.

बता दें दिनांक 28.02.2026 की रात थाना झिलमिली पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक पेट्रोल पंप परिसर में शराब पीकर विवाद और उत्पात मचा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां निर्मल जायसवाल (29 वर्ष), प्रीतम दुबे (35 वर्ष) और सूरज सिंह (29 वर्ष) निवासी ग्राम बड़सरा शराब के नशे में हंगामा करते मिले। वहीं उनका साथी अजय चक्रधारी (32 वर्ष) भी बलेनो कार क्रमांक CG 15 EC 8112 से मौके पर पहुंचा था और शराब के नशे में पाया गया.

पुलिस ने तीनों का चिकित्सीय परीक्षण (मुलाहिजा) कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 41/26 धारा 36-च(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.

वहीं अजय चक्रधारी के विरुद्ध नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई.

तेज रफ्तार, गाली-गलौज और मारपीट

दूसरे प्रकरण में पेट्रोल पंप कर्मचारी राहुल राजवाड़े ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि कार क्रमांक CG 29 F 9996 के चालक अजय चक्रधारी अपने साथियों के साथ पेट्रोल पंप में तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए परिसर में घुसा. आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट की गई.

रिपोर्ट पर चारों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 42/26 धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.

सनरूफ से निकलकर मचाया हल्ला

तीसरे मामले में कर्मचारी रिंकू राजवाड़े ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 22.02.2026 को भी अजय चक्रधारी ने पेट्रोल पंप में कार तेज गति से लाकर दरवाजे खोल दिए और सनरूफ से बाहर निकलकर तेज आवाज में गाना बजाते हुए हल्ला-गुल्ला किया था। इस मामले में धारा 281, 296, 3(5) बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 201 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया.

सख्त निर्देश के बाद त्वरित कार्रवाई

डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रखने और असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. इसी कड़ी में थाना झिलमिली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 कार जब्त कर ली है.

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने का स्पष्ट संदेश गया.

close