आर्थिक तंगी बनी जानलेवा! जसवंतनगर में युवक ने जहर खाया, इलाज के दौरान मौत

जसवंतनगर : क्षेत्र के गांव भोगीपुरा में ननिहाल में रह रहे 22 वर्षीय युवक की विषाक्त पदार्थ खाने से उपचार के दौरान मौत हो गई. घटना से परिजनों में कोहराम मच गया.सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार मृतक आशुतोष पुत्र दुर्गेश मूल रूप से जनपद औरैया नगर का निवासी था। करीब पांच वर्ष पहले उसके पिता दुर्गेश के लापता हो जाने के बाद परिवार पर संकट आ गया था.इसके बाद आशुतोष अपनी मां सपना देवी और बहन के साथ जसवंतनगर क्षेत्र के गांव भोगीपुरा में अपने नाना कैलाश अवस्थी के घर रहने लगा था.

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आशुतोष परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए काम करता था.वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजा बाग स्थित एक खाद-बीज की दुकान पर नौकरी कर रहा था। बताया जा रहा है कि कम आय और आर्थिक तंगी के चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था.
परिजनों के मुताबिक 4 मार्च को उसने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई.

हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां कई दिन तक इलाज चलता रहा.लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक शुभम वर्मा मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. युवक की असमय मौत से उसकी मां सपना देवी और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है.पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com