बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 LIVE: आज 1:30 बजे जारी होगा

बिहार बोर्ड के 12वीं (इंटरमीडिएट) के 13 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का इंतजार आज खत्म हो रहा है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) आज दोपहर 1:30 बजे इंटर रिजल्ट 2026 जारी करेगा। बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिणाम घोषित करेंगे और इसके तुरंत बाद छात्र अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकेंगे।
इस मौके पर राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी मौजूद रहेंगे और रिजल्ट के साथ टॉपर्स की लिस्ट जारी करेंगे। वहीं, बिहार शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे।
इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में 13 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के लिए पूरे बिहार में 1762 केंद्र बनाए गए थे, जहां सफलतापूर्वक एग्जाम आयोजित किया गया।
छात्र आज ठीक दोपहर 1:30 बजे के बाद अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें BSEB Inter Result 2026 लिंक पर क्लिक करना होगा और अपना रोल नंबर व रोल कोड दर्ज करना होगा। रिजल्ट स्क्रीन पर दिखने के बाद छात्र उसे डाउनलोड या प्रिंट भी कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड 12वीं परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को हर विषय में कम से कम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। जिन विषयों में प्रैक्टिकल होता है, उनमें थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों में अलग-अलग पास होना जरूरी होता है।
बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर पहले ही यह संकेत दे चुके थे कि मार्च के अंत तक इंटर और मैट्रिक दोनों के नतीजे जारी कर दिए जाएंगे, जिसमें सबसे पहले 12वीं का रिजल्ट जारी किया जा रहा है।seniorsecondary.biharboardonline.com











