रीवा में ठेकेदार की ‘जादुई छड़ी’ से 4 फीट सड़क गायब! कोठी में भ्रष्टाचार की ‘कंक्रीट’ बिछी

रीवा : कहते हैं सड़कें विकास की रेखा होती हैं, लेकिन रीवा जिले की ग्राम पंचायत कोठी में यह रेखा भ्रष्टाचार की काली स्याही से खींची जा रही है.यहाँ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की नाक के नीचे ‘कागजी विकास’ का ऐसा खेल चल रहा है, जहाँ जनता के टैक्स के लाखों रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं.हालत यह है कि सड़क अपनी पहली ‘सांस’ लेने से पहले ही दम तोड़ चुकी है.
इस निर्माण कार्य में गजब की ‘इंजीनियरिंग’ देखने को मिली है। सरकारी दस्तावेजों और स्वीकृति पत्र में जिस सड़क की चौड़ाई 12 फीट दर्ज है, धरातल पर ठेकेदार की ‘जादुई छड़ी’ ने उसे महज 8 फीट में समेट दिया है.
स्थानीय ग्रामीण निवासी दीपक साकेत और अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि सीमेंट के नाम पर सिर्फ रेत और दोयम दर्जे की निर्माण सामग्री का लेप लगाया जा रहा है। ढलाई पूरी होने से पहले ही सड़क पर हाथ समा जाने वाली दरारें पड़ गई हैं, जो विभाग की कार्यप्रणाली पर तमाचा है.
हैरानी की बात यह है कि इस धांधली की गूँज सीएम हेल्पलाइन तक पहुँच चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही.शिकायत के बावजूद ठेकेदार बेखौफ होकर घटिया निर्माण को अंजाम दे रहा है.ग्रामीणों का कहना है कि “यह सड़क नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा बिछाया गया है, जो पहली बारिश की फुहार भी नहीं झेल पाएगा.”









