यूपी में महिला अधिकारियों का दबदबा, 5 साल में 10 फीसदी बढ़ा ग्राफ

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस 2024 परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है, जिसमें इस बार महिला अभ्यर्थियों का प्रदर्शन खासा चर्चा में है. दिल्ली की नेहा पांचाल ने टॉप कर इतिहास रचा है. तो वहीं रायबरेली की अन्यया त्रिवेदी दूसरे स्थान पर रही हैं. खास बात यह है कि टॉप 10 में 6 महिलाएं शामिल हैं. UPPCS रिजल्ट में पिछले 5 साल के ट्रेंड को देखे तो सफल महिलाओं की संख्या में 10 फीसदी से अधिक बढ़ोतरी हुई है, जिसमें UPPSC 2024 के फाइनल रिजल्ट में महिलाओं का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है.

आइए जानते हैं पिछले 5 साल में UPPCS पास करने वाले कैंडिडेट्स में महिला कैंडिडेट्स की संख्या कितनी रही. साल दर साल UPPCS में महिलाओं के सुधरते प्रदर्शन का पूरा विश्लेषण करने की कोशिश करते हैं.

UPPCS 2024 में महिलाओं का दबदबा

यूपीपीसीएस 2024 के फाइनल रिजल्ट में कुल 932 उम्मीदवारों का चयन हुआ है. इनमें 613 पुरुष और 319 महिलाएं शामिल हैं. इस तरह महिलाओं की सफलता दर 34.22 प्रतिशत रही, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर मानी जा रही है. खास बात यह रही कि टॉप 10 में 6 महिलाएं शामिल रहीं, जो यह दर्शाता है कि महिलाएं अब प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार मजबूत पकड़ बना रही हैं. टॉप रैंक में महिलाओं की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि अब वो हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर ही नहीं, बल्कि कई बार उनसे आगे भी निकल रही हैं

पिछले वर्षों में कैसा रहा प्रदर्शन?

अगर पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो महिलाओं की सफलता दर में लगातार सुधार देखने को मिला है.

वर्ष कुल चयनित उम्मीदवार महिला उम्मीदवार पुरुष उम्मीदवार
महिलाओं का प्रतिशत
2024 932 319 613 34.22%
2023 251 84 167 33.46%
2022 364 110 254 33%
2021 627 142 485 26.68%
2020 476 127 349 22.64%

महिलाओं की सफलता में बढ़ोतरी

इन आंकड़ों से साफ है कि हर साल महिलाओं की भागीदारी और सफलता दोनों में बढ़ोतरी हो रही है. यूपीपीसीएस 2024 का परिणाम इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं. लगातार बढ़ती सफलता दर और टॉप रैंक में उनकी भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है.

परीक्षा प्रक्रिया और आंकड़े

यूपीपीसीएस 2024 प्रारंभिक परीक्षा में करीब 5.76 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे. इनमें से 15,066 अभ्यर्थियों ने मेंस परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया. मेंस परीक्षा में 13,776 उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से 2,689 को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया. हालांकि 21 उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल नहीं हुए, जिसके कारण 15 पद खाली रह गए.

close
Virus-free.www.avast.com