झोराघाट पिकनिक बना मातम: गहरे पानी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत

कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र स्थित झोराघाट पिकनिक स्पॉट में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे 17 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अलाउद्दीन के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
नहाते समय गहरे पानी में गया किशोर
जानकारी के अनुसार, कटघोरा निवासी ताजुद्दीन अपने परिवार के साथ झोराघाट पिकनिक मनाने पहुंचे थे। परिवार के लोग पिकनिक का आनंद ले रहे थे, इसी दौरान अलाउद्दीन नदी में नहाने उतर गया। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर हो चुकी थी। लोगों ने किसी तरह उसे पानी से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में हंगामे की स्थिति
घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि समय पर इलाज और आपातकालीन सुविधा नहीं मिलने को लेकर अस्पताल परिसर में कुछ देर हंगामे की स्थिति भी बनी रही।
मृतक के परिजनों का कहना है कि अलाउद्दीन परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि नदी और जलाशयों के गहरे हिस्सों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।









