पेट्रोल डलवाते ही बाइक बनी आग का गोला, पेट्रोल पंप पर मची अफरा-तफरी

जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल डलवाने के कुछ ही देर बाद एक बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना बकावंत ब्लॉक के तारापुर स्थित एक फ्यूल स्टेशन की बताई जा रही है।
पेट्रोल भरवाने पहुंचा था बाइक सवार
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने के लिए तारापुर फ्यूल स्टेशन पहुंचा था। पेट्रोल भरवाने के तुरंत बाद अचानक बाइक से धुआं निकलने लगा और फिर आग की लपटों ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही मचा हड़कंप
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पेट्रोल पंप परिसर में आग लगने की खबर से कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
समय रहते पाया गया आग पर काबू
स्थानीय लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि तब तक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।










