संजीवनी धान की बढ़ी मांग: कैंसर और खून की कमी से बचाव के लिए किसान कर रहे औषधीय खेती

महासमुंद जिले के कौंदकेरा गांव में किसान योगेश्वर चंद्राकर औषधीय गुणों से भरपूर ‘संजीवनी धान’ की खेती कर रहे हैं। यह धान अपनी खास जैविक विशेषताओं और स्वास्थ्य लाभों के कारण तेजी से चर्चा में है। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह धान शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ खून की कमी दूर करने और स्तन कैंसर से बचाव में मददगार माना जाता है।

जैविक तरीके से तैयार हो रही विशेष फसल

किसान योगेश्वर चंद्राकर वर्तमान में एक एकड़ जमीन पर संजीवनी धान की खेती कर रहे हैं। इस फसल की खासियत यह है कि इसमें किसी भी प्रकार के रासायनिक खाद या कीटनाशकों का उपयोग नहीं किया जाता। खेत में केवल गोमूत्र, नीमास्त्र, पंचगव्य, छाछ और जैविक खाद का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे धान के औषधीय गुण सुरक्षित रहते हैं।

संजीवनी धान की फसल लगभग 145 दिनों में तैयार होती है। इसका पौधा सामान्य धान की तुलना में करीब 6 फीट तक ऊंचा होता है। तेज आंधी-तूफान में फसल गिरने का खतरा रहता है, इसलिए खेतों में बांस और लोहे की सहायता से पौधों को सहारा दिया जाता है।

देशभर में बढ़ रही संजीवनी धान की मांग

विशेषज्ञों के मुताबिक संजीवनी धान में सामान्य धान की तुलना में 231 अतिरिक्त फाइटोकेमिकल्स पाए जाते हैं। इनमें सात ऐसे मेटाबोलाइट्स शामिल हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। इसकी बढ़ती मांग के चलते भोपाल, दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे राज्यों से लोग पहले से बुकिंग करा रहे हैं।

इस धान की प्रोसेसिंग भी सामान्य धान से अलग होती है। इसका छिलका मशीनों से नहीं बल्कि हाथ से निकाला जाता है। इसके चावल को सामान्य भोजन की तरह पकाकर नहीं खाया जाता, बल्कि पानी में भिगोकर औषधि की तरह सेवन किया जाता है।

वैज्ञानिक शोध में मिले सकारात्मक परिणाम

रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. दीपक शर्मा की सलाह पर किसान ने इस खेती की शुरुआत की थी। संजीवनी धान पर भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुंबई में भी शोध किया गया है। वैज्ञानिक परीक्षणों में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

विशेषज्ञों का दावा है कि यह धान स्तन कैंसर की कोशिकाओं को नियंत्रित करने में सहायक साबित हुआ है। आने वाले समय में संजीवनी चावल स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com