महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरा

जांजगीर-चांपा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्थानीय पेट्रोल पंप के पास विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर नाराजगी जताई।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तख्तियां लेकर पहुंचे और ‘बहुत हुई महंगाई की मार, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार’ जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक व्यास कश्यप, नगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर समेत अन्य नेताओं ने किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है।
‘चुनावी वसूली’ का लगाया आरोप
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि वर्ष 2014 में महंगाई कम करने और अच्छे दिन लाने का वादा किया गया था, लेकिन आज आम जनता लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए, जिसे उन्होंने ‘चुनावी वसूली’ करार दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।
नवागढ़ में भी किया गया विरोध प्रदर्शन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ ने भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पेट्रोल पंप पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने वहां मौजूद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। ब्लॉक अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज उठाती रहेगी और महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।











