धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट पर सियासत गरम, पुरंदर मिश्रा ने रथयात्रा से जोड़कर दिया चौंकाने वाला बयान

रायपुर। राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई मोबाइल लूट की घटना अब सिर्फ अपराध का मामला नहीं रही, बल्कि इस पर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। घटना के बाद विपक्ष जहां सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, वहीं सत्ता पक्ष के नेताओं के बयान भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई वारदात

बताया जा रहा है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान रायपुर के सिविल लाइन इलाके में अज्ञात बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुरंदर मिश्रा का बयान बना चर्चा का विषय

घटना को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का बयान अब सुर्खियों में है। उड़िया भाषी विधायक ने कहा कि कुछ लोग अपना खर्चा निकालने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। उन्होंने इस घटना को रथयात्रा से जोड़ते हुए कहा कि जैसे रथयात्रा में लोग अलग-अलग मनोकामनाएं लेकर निकलते हैं, वैसे कुछ लोग छोटी-छोटी चीजों की चाह रखते हैं और भगवान उनकी मांग जल्दी पूरी कर देते हैं।उन्होंने पुलिस से अपील करते हुए कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर कसा तंज

घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा डायल-112 के 400 वाहनों को हरी झंडी दिखाने की तस्वीर साझा करते हुए तंज कसते हुए लिखा कि “आप डायल 112 को हरी झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए।”

अमित शाह की मौजूदगी में घटना पर उठे सवाल

भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि जब देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं, उसी समय राजधानी में ऐसी वारदात होना कथित सुशासन पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सरकार पर विज्ञापन और प्रचार में व्यस्त रहने का आरोप भी लगाया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com