रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा: रायपुर जा रही ट्रेन ने रिटायर्ड शिक्षक को कुचला, मौके पर मौत

कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रेलवे पटरी पार करते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

सुबह 5 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हीरामणि साहू (80) के रूप में हुई है, जो भानुप्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हो चुके थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 5 बजे वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान भानुप्रतापपुर से रायपुर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन की रफ्तार तेज थी, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

परिजनों के अनुसार परिवार में हाल ही में विवाह समारोह संपन्न हुआ था। घर में अभी शादी की खुशियों का माहौल बना हुआ था, लेकिन सुबह-सुबह आई इस दुखद खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com