शॉर्ट सर्किट की आशंका: ट्रांसपोर्ट कंपनी में लगी भीषण आग, टायर-ट्यूब और पार्ट्स खाक

बलौदाबाजार। जिले के लवन बायपास रोड स्थित मनीषा ट्रांसपोर्ट के दफ्तर में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में टायर-ट्यूब, ट्रक पार्ट्स समेत लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

रात करीब 12 बजे मिली आग लगने की सूचना

जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे ट्रांसपोर्ट कंपनी में आग लगने की सूचना नगर सेना और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही नगर सेना बल बलौदाबाजार की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

दो फायर टेंडर से घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

आग इतनी भयावह थी कि उसे बुझाने के लिए दो फायर टेंडर लगाए गए। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, प्रशासन और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बड़ा हादसा टला, जनहानि नहीं

गनीमत रही कि घटना के समय दफ्तर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, ट्रांसपोर्ट कंपनी को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com