कोनी के देवनगर वांबे फ्लैट में मचा हड़कंप, मांस जब्त कर जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र स्थित देवनगर वांबे के एक फ्लैट में कथित रूप से गोमांस पकाकर खाने की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।

पुलिस ने दंपती को हिरासत में लिया

कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामू कोशले ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फ्लैट में रहने वाले विकास बांधे और उसकी पत्नी रुक्मिणी कथित रूप से मांस पकाकर सेवन कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों नशे की हालत में मिले। आसपास की महिलाओं की मदद से महिला को बाहर निकाला गया, जबकि उसके पति को पुलिस वाहन से अस्पताल भेजा गया।

फ्लैट से मांस और पका हुआ पदार्थ जब्त

पुलिस ने फ्लैट की तलाशी के दौरान मांस के टुकड़े और पका हुआ मांस बरामद किया है। जब्त सामग्री को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद मांस किस प्रकार का था।

मोहल्लेवासियों ने पहले भी जताया था विरोध

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दंपती लंबे समय से बाहर से मांस लाकर फ्लैट में सुखाते और उसका सेवन करते थे। मोहल्ले के लोगों ने कई बार इसका विरोध भी किया था, लेकिन कथित गतिविधियां बंद नहीं हुईं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने हिंदू संगठन के सदस्यों को सूचना देकर मामले की शिकायत की।

शिकायत के आधार पर मामला दर्ज

हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने कोनी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com