जमीन विवाद में तहसील कार्यालय में हंगामा: वकील से गाली-गलौच के बाद मारपीट, वीडियो के आधार पर कार्रवाई

बलरामपुर में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान तहसील कार्यालय मंगलवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सुनवाई के लिए पहुंचे दो पक्षों के बीच पहले बहस हुई, फिर मामला गाली-गलौच और मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुनवाई के दौरान अधिवक्ता से विवाद

जानकारी के मुताबिक, वाड्रफनगर तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे की अदालत में आवेदक इलियासुदीन और अनावेदक पक्ष रसीद, अफजल एवं इलियास से जुड़े जमीन विवाद प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान अनावेदक पक्ष के कुछ लोग और उनके साथ पहुंचे गवाहों ने दूसरे पक्ष के अधिवक्ता सिद्वदकी के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

कोर्ट से बाहर निकलते ही फिर भड़का विवाद

तहसील कार्यालय से बाहर निकाले जाने के बाद भी दोनों पक्ष शांत नहीं हुए। तहसील और सिविल कोर्ट परिसर में एक बार फिर दोनों गुट आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना से परिसर में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

तहसीलदार की रिपोर्ट पर 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे ने न्यायालय की गरिमा भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला मानते हुए पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के साथ घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है।पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 18 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वीडियो के आधार पर गिरफ्तारी की तैयारी

वाड्रफनगर चौकी पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com