गर्मी की छुट्टियों में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी ज्यादातर सुनवाई

बिलासपुर। गर्मी की छुट्टियों के दौरान न्यायिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट ने नई व्यवस्था लागू की है। अब अधिकांश मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाएगी। इस फैसले का उद्देश्य समय, संसाधन और ईंधन की बचत करना बताया गया है।हाईकोर्ट प्रशासन के अनुसार, जरूरत पड़ने पर अधिवक्ताओं और पक्षकारों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित होने की अनुमति भी दी जाएगी। यानी विशेष परिस्थितियों में फिजिकल हियरिंग जारी रहेगी।
कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा
हाईकोर्ट ने कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ की सुविधा भी लागू की है। हालांकि कार्यालयों में कम से कम 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है, ताकि न्यायिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।इस व्यवस्था से कर्मचारियों को गर्मी और यात्रा संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ईंधन बचाने के लिए कार पूलिंग पर जोर
नई व्यवस्था के तहत हाईकोर्ट प्रशासन ने जजों और कर्मचारियों को कार पूलिंग अपनाने के निर्देश दिए हैं। इसका मकसद ईंधन की खपत कम करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद यह फैसला लिया गया है, ताकि अदालतों में डिजिटल व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके।











