लक्की ड्रा के नाम पर लाखों की ठगी: बलौदाबाजार में सेल प्रमोशन का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार जिले के गिधौरी क्षेत्र में लक्की ड्रा और सेल प्रमोशन योजना के नाम पर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गिधौरी निवासी खगेन्द्र नाथ साहू (43) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
सदस्यता योजना के जरिए लोगों को फंसाया
पुलिस के अनुसार आरोपी ने सेल प्रमोशन ऑफर के नाम पर एक योजना शुरू की थी, जिसमें ग्रामीणों से हर महीने 2500 और 4000 रुपए सदस्यता शुल्क के रूप में जमा कराए जाते थे। शुरुआत में कुछ लोगों को लक्की ड्रा के जरिए रकम लौटाकर आरोपी ने ग्रामीणों का भरोसा जीत लिया। इसी भरोसे के चलते कई लोगों ने योजना में बड़ी रकम जमा कर दी।
दो ग्रामीणों से 2 लाख रुपए की ठगी
जांच में सामने आया कि चूड़ामणि साहू और गीताराम साहू नामक दो ग्रामीणों ने आरोपी के पास कुल 2 लाख रुपए जमा किए थे। आरोप है कि बाद में आरोपी ने न तो कोई लक्की ड्रा निकाला और न ही जमा रकम वापस की। यह धोखाधड़ी दिसंबर 2023 से मार्च 2026 के बीच की बताई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
थाना प्रभारी संदीप बंजारे ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार कर लिया है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। गिधौरी पुलिस ने संभावित पीड़ितों से सामने आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है और लोगों को ऐसे प्रलोभनों से सतर्क रहने की सलाह दी है।











