राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर नहीं हुआ माल्यार्पण: नगर में स्थापित दोनों प्रतिमाएं रहीं उपेक्षित

नवागढ़ नगर में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण नहीं होने को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। नगर में दो स्थानों पर राजीव गांधी की प्रतिमाएं स्थापित हैं, लेकिन 21 मई को कांग्रेस नेताओं द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
नगर में दो स्थानों पर स्थापित हैं प्रतिमाएं
नगर के मुख्य चौक में भाजपा शासनकाल के दौरान स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा स्थापित की गई थी और उस चौक का नाम राजीव गांधी चौक रखा गया था। इसके बाद कांग्रेस शासनकाल में जनपद पंचायत परिसर में भी राजीव गांधी की एक और प्रतिमा स्थापित की गई।
दोनों स्थानों पर प्रतिमाएं होने के बावजूद पुण्यतिथि के अवसर पर किसी प्रकार का माल्यार्पण या श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं होने से लोगों में चर्चा का माहौल बना रहा।
कॉम्प्लेक्स निर्माण को लेकर हुआ था विरोध
जनपद पंचायत परिसर में स्थापित प्रतिमा के पास इन दिनों कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य चल रहा है। इसे लेकर पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि कॉम्प्लेक्स बनने से राजीव गांधी की प्रतिमा ढंक जाएगी और उसकी गरिमा प्रभावित होगी। इस मांग को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन भी किया गया था।
पुण्यतिथि पर नहीं पहुंचे कांग्रेसी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस प्रतिमा को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया, उसी प्रतिमा पर पुण्यतिथि के दिन श्रद्धांजलि नहीं देना लोगों को खटक रहा है।
नगर में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री की स्मृति में स्थापित प्रतिमाओं पर पुण्यतिथि के दिन श्रद्धांजलि देना भी जरूरी नहीं समझा गया।











