NH-130 पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो ग्रामीणों की मौत; आरोपी चालक फरार

सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौत हो गई। हादसा जजगा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर कई मीटर तक घिसटते चले गए। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

मेहमानी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मृतक जय सिंह (50) और रामकुमार (60) महुआटिकरा गांव के निवासी थे। दोनों जजगा गांव में मेहमानी करने आए थे और रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी बाइक ग्रामीण सड़क से नेशनल हाईवे-130 पर पहुंची, तभी बिलासपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद कार का इंजन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वाहन घटनास्थल पर ही बंद हो गया। इसके बावजूद कार सवार मौके से भाग निकले। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में जुटी, नशे की आशंका

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक सवार शराब के नशे में हो सकते थे। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com