कार में बैठकर IPL सट्टा चला रहे 4 बुकी गिरफ्तार, लाखों की कार और नकदी जब्त

रायपुर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक कार में बैठकर मोबाइल फोन और ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के जरिए हार-जीत पर दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, 45 हजार रुपए से अधिक नकदी और करीब 10 लाख रुपए कीमत की कार जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ मुकीम, करण पिंजानी, शेख आसिफ और इमाम अहमद शामिल हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि अमलीडीह शराब भट्ठी रोड स्थित अलौकिक धाम के पास खड़ी एक सफेद कार में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से महंगे मोबाइल फोन और नकदी मिली। मोबाइल की जांच में कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी बरामद किए गए हैं।
मोबाइल में मिले बेटिंग प्लेटफॉर्म के सबूत
जांच में पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म और एक्सचेंज ऐप्स की जानकारी मिली। इनमें ALL Panel Exchange, Golden Exchange, JMDBET, UNCLEBET9, GOLD24PRO और अन्य प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
पुलिस ने मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, बेटिंग आईडी और ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड के स्क्रीनशॉट लेकर उन्हें जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इन सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब ऑनलाइन सट्टा संचालन में शामिल आईडी बेचने वालों और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।











