जेठानी के प्रेमी ने देवरानी-ननद की बनाई आपत्तिजनक रील,थाने में FIR

गुजरात के अहमदाबाद स्थित मणिनगर इलाके से सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को बदनाम और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहित महिला के प्रेमी ने उसकी देवरानी और ननद की तस्वीरों व वीडियो का गलत इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक रील बनाकर वायरल कर दी। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया।
प्राथमिकी के अनुसार, 19 अगस्त की शाम पीड़िता (देवरानी) अपने पति के साथ मोबाइल देख रही थी, तभी उसके पास एक अनजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज में पीड़िता की किसी अन्य व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें संलग्न थीं। पड़ताल करने पर पता चला कि इंस्टाग्राम पर भी उसकी और उसकी ननद की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर बेहद आपत्तिजनक रील शेयर की गई हैं।
जब पीड़िता ने परिवार में इस संबंध में चर्चा की, तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ। पता चला कि यह करतूत उसकी जेठानी के प्रेमी की है। आरोपी ने परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की नीयत से देवरानी और ननद दोनों की एडिटेड रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड की थीं। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी की हरकतों और पारिवारिक विवाद के चलते पीड़िता की जेठानी कुछ दिन पहले ही घर छोड़कर चली गई थी।
गुजरात में Gen Z पर कांग्रेस का दांव: चुनाव 2027 के लिए बनाई नई रणनीति
आरोपी की ओर से लगातार की जा रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार मणिनगर पुलिस थाने का रुख किया। पुलिस ने शनिवार को बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











