डोंगरगांव में 58 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक से ले जा रहा था शराब

डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक से देशी शराब लेकर जा रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और 58 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की।
पुलिस को 14 सितंबर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की बाइक से कोनारी मेन रोड की तरफ अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर टीम ने कोनारी रोड पर घेराबंदी कर प्रदीप देवांगन (38) को बाइक समेत पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बाइक पर रखे प्लास्टिक के थैले से 58 पौवा देशी प्लेन शेरा शराब मिली। इसकी कुल मात्रा 10.440 बल्क लीटर और कीमत करीब 4,640 रुपए बताई गई है। आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं दिखा सका।
शराब और बाइक जब्त
पुलिस ने शराब के साथ शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई सुपर स्पेंडल बाइक भी जब्त कर ली। बाइक की कीमत करीब 40 हजार रुपए है। जब्त सामान की कुल कीमत 44,640 रुपए बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ डोंगरगांव थाने में अपराध क्रमांक 281/2026 दर्ज कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।











