भाजपा नेता पर हमला कर भागा आरोपी, भाई की सूचना पर रायपुर स्टेशन से गिरफ्तार

दुर्ग जिले के जोरातराई में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी अहमदाबाद भाग गया था, लेकिन वहां दोस्त से संपर्क नहीं होने पर वापस लौट आया। पुलिस ने उसे रायपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। आरोपी की बाइक एम्स परिसर से बरामद की गई है।
घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की है। राजेंद्र सिंह यादव जोरातराई के एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी कुरपा बाग (40) वहां पहुंचा और पीछे से चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से राजेंद्र यादव घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बाइक एम्स में खड़ी कर ट्रेन से अहमदाबाद गया
हमले के बाद आरोपी ने अपनी बाइक एम्स परिसर में खड़ी की और ट्रेन से अहमदाबाद चला गया। वहां वह एक दोस्त के पास रुकने वाला था, लेकिन दोस्त ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद आरोपी ने वापस रायपुर लौटने का फैसला किया।
अहमदाबाद से लौटते समय आरोपी ने दोस्त को फोन कर बताया कि उसकी बाइक एम्स में खड़ी है और वह रायपुर आ रहा है। उसने दोस्त से स्टेशन पहुंचकर उसे लेने के लिए कहा। इस बातचीत की जानकारी आरोपी के भाई को मिली, जिसके बाद भाई ने पुलिस को सूचना दे दी।
भाई की सूचना पर स्टेशन पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस ने पहले एम्स पहुंचकर आरोपी की बाइक बरामद की। इसके बाद पुलिस टीम परिवार के सदस्यों के साथ रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और निगरानी शुरू कर दी। आरोपी के स्टेशन पहुंचते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जोरातराई के मिलन चौक-बागपारा का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल किया है। घायल भाजपा नेता का सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज जारी है।











