घरेलू विवाद में 90 साल की बुजुर्ग से मारपीट, गर्म पानी से झुलसाने का आरोप

सूरजपुर के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में 90 साल की बुजुर्ग महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने अपनी नातिन बहू पर मारपीट करने और गर्म पानी डालकर झुलसाने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद बुजुर्ग महिला चोट और झुलसने के निशानों के साथ न्याय की मांग लेकर जनपद पंचायत प्रतापपुर पहुंची। उसकी आंख के पास चोट के निशान और शरीर पर झुलसने के निशान दिखाई दे रहे थे।
महिला के मुताबिक, घरेलू विवाद के दौरान नातिन बहू ने उसके साथ मारपीट की और बाद में गर्म पानी डाल दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि बुजुर्ग महिला अपने नाती के साथ रहती है। घरेलू विवाद के दौरान मारपीट और गर्म पानी डालने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।











