कलेक्टर जनदर्शन में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, रोजगार से लेकर मुआवजे तक की मांग

बिलासपुर में कलेक्टर जनदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने रोजगार, मुआवजा, मजदूरी भुगतान और प्रमाण पत्र से जुड़ी कई शिकायतें रखीं।
गोड़ाडीह के ग्रामीणों ने जिंदल पावर एंड स्टील कंपनी में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक बेरोजगार युवाओं को उम्मीद के मुताबिक रोजगार नहीं मिल पाया है। मामले में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मस्तुरी क्षेत्र के किसानों ने फ्लाई ऐश से खेत और फसल बर्बाद होने की शिकायत की। किसानों के मुताबिक बारिश के दौरान राखड़ बहकर खेतों में पहुंच गई, जिससे करीब 7 से 8 एकड़ जमीन और धान की फसल प्रभावित हुई। किसानों ने उचित मुआवजे और कार्रवाई की मांग की।
वहीं, इटवा गांव के किसान ने राजस्व रिकॉर्ड में कई लोगों के नाम दर्ज होने के कारण एग्रीटेक नहीं बन पाने और धान नहीं बेच पाने की समस्या बताई। कलेक्टर ने तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए।
जनदर्शन में मजदूरी भुगतान में गड़बड़ी, बारिश से मकान गिरने पर आर्थिक मदद और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए महीनों से चक्कर लगाने जैसी शिकायतें भी सामने आईं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।











