कोरबा पुलिस लाइन में निकला करैत सांप, रेस्क्यू टीम ने जंगल में छोड़ा

कोरबा पुलिस लाइन में 15 सितंबर की रात करीब 10 बजे करैत सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सांप को देखकर पुलिसकर्मियों के परिवारों में डर का माहौल बन गया। खासकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहे।
सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी से सांप का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया।
झाड़ियों और अंधेरे को लेकर परिवारों की चिंता
पुलिस लाइन घना रिहायशी इलाका है, जहां पुलिसकर्मियों के परिवार और छोटे बच्चे रहते हैं। घटना के बाद परिवारों ने परिसर की सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
परिवारों का कहना है कि कई जगह अंधेरा और झाड़ियां होने से सांप-बिच्छू जैसे जीवों के घरों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। उन्होंने नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और हर पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।
अधिकारियों को दी गई जानकारी
जितेंद्र सारथी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को फोन पर घटना और परिवारों की समस्याओं की जानकारी दी। अधिकारियों की ओर से जल्द व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिया गया है।
उन्होंने लोगों से घरों के आसपास सफाई रखने, कचरा जमा नहीं होने देने और रात में टॉर्च का इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करने की सलाह दी।











