AIOCD का देशव्यापी आंदोलन: भारी छूट और ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ दवा व्यापारियों का बड़ा विरोध

देशभर में ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी डिस्काउंट के विरोध में दवा व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। ‘ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स’ (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई को राष्ट्रव्यापी बंद का ऐलान किया गया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के करीब 20 हजार मेडिकल स्टोर आज बंद रहेंगे।दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां मनमाने तरीके से दवाओं की बिक्री कर रही हैं, जिससे छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। साथ ही, भारी छूट देकर बाजार की प्रतिस्पर्धा को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

प्रदेशभर में मेडिकल स्टोर बंद, विरोध प्रदर्शन भी

‘ऑल इंडिया केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन’ के बैनर तले दवा व्यापारी ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने और भारी डिस्काउंट बंद करने की मांग कर रहे हैं। बंद के दौरान प्रदेशभर में मेडिकल स्टोर संचालक अपना कारोबार बंद रखेंगे और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी करेंगे।

व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से केंद्र सरकार से शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते देशव्यापी बंद का फैसला लिया गया है।

छत्तीसगढ़ में 50 करोड़ के कारोबार पर असर

छत्तीसगढ़ में करीब 20 हजार दवा दुकानें संचालित हैं। व्यापारियों के मुताबिक, अगर मेडिकल स्टोर एक दिन भी बंद रहते हैं तो राज्य में लगभग 50 करोड़ रुपए के दवा कारोबार पर असर पड़ेगा।वहीं राजधानी रायपुर में ही रोजाना करीब 20 करोड़ रुपए का दवा कारोबार होता है। ऐसे में बंद का असर आम लोगों के साथ-साथ दवा बाजार पर भी साफ देखने को मिल सकता है।

ऑनलाइन कंपनियों पर कार्रवाई की मांग

दवा व्यापारियों ने सरकार से मांग की है कि ऑनलाइन दवा कंपनियों पर सख्त नियम लागू किए जाएं और बिना उचित निगरानी के दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और पारंपरिक दवा व्यापार को बचाने के लिए यह कदम जरूरी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com